कोरबा/प्रथम आवाज़ न्यूज: कोरबा जिले में एक विवाहित महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शादी के चार साल बाद भी बच्चा नहीं हुआ था जिससे ससुराल वाले आए दिन उसे ताने मारते थे। तंग आकर महिला ने अपनी जान दे दी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दादर गांव के देहात पारा का है। मृतका की पहचान पूनम यादव के रूप में हुई है। पूनम की शादी वर्ष 2021 में दादर निवासी लहा यादव से हुई थी। जब शादी के 1 साल बाद बच्चा नहीं हुआ तब ससुराल वाले उसे ताना मारने लगे। मृतिका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर आरोप लगाया है कि वे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। पूनम के साथ मारपीट भी करते थे। जिससे तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
बताया जा रहा है रविवार की रात सभी खाना खाकर सोने चले गए। पूनम भी अपने कमरे में चली गई। सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तब परिवार वालों ने खिड़की से झांककर देखा तो वह म्यार में फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। वहीं मामले में मृतका के परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्यवाही की जा रही है।
