कोरबा: कोरबा जिले के विभिन्न इलाकों मे तितलियों के झुंड कौतूहल का विषय बने हुए हैं। खेतों व शहरी क्षेत्रों में आसमान पर बहुतायत में उड़ रही तितलियों की वजह से असमंजस की स्थिति भी बनी हुई है। इतनी संख्या में तितली के झुंड निकलने की स्थिति पहलीबार देखने मिल रही है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल यह नजारा 26 जून गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे देखने को मिला। लोग इस अनोखा दृश्य को देखने के लिए अपने अपने घरों से बाहर निकल आए और अपने फोन पर वीडियो कैद करने लगे।
वन्यजीव बोर्ड के सदस्य और तितली विशेषज्ञ गौरव नेहलानी ने इस घटना के पीछे के वैज्ञानिक कारणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसून के आगमन से वनस्पतियों में वृद्धि होती है। यह तितलियों के लिए भोजन और आश्रय का स्रोत बनती है। ये लाइम बटरफ्लाई की प्रजाति है।
लाइम स्वालोटेल और एमिग्रेंट तितलियां मानसूनी पौधों पर निर्भर रहती हैं। बारिश के बाद बढ़ी आर्द्रता तितलियों के अंडे, कैटरपिलर और प्यूपा के विकास के लिए अनुकूल वातावरण बनाती है। इससे तितलियों की संख्या में तेजी से बढ़ती है।
