कोरबा/प्रथम आवाज़ न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा अंतर्गत बांगो थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो की मौत हो गई जबकि 3 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ लोग पिकनिक मनाने प्राचीन कोसगई दाई मंदिर पहुंचे थे जहां अचानक मौसम बिगड़ने के बाद आकाशीय बिजली गिरने से यह हादसा हो गया। घटना के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना रविवार की दोपहर की है। एक परिवार कोसगई माता मंदिर दर्शन और बकरा चढ़ाने गया हुआ था। इस दौरान दोपहर में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए परिवार के लोग एक बड़े पेड़ के नीचे ठहर गए। इसी दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में परिवार के 5 सदस्य आ गए और और गंभीर रूप से झुलस गए।
इस घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की पहचान नंद लाल यादव (35 वर्ष) सोनगुड़ा निवासी और शिव कुमार (27 वर्ष) कोरिया घाट अजगरबहार निवासी के रूप में हुई है। बताया गया कि सोनगुड़ा के यादव परिवार ने कोसगाई ग्राम में बकरा भात कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस दौरान 50-60 लोग शामिल होने पहुंचे थे। घटना के समय 6 लोग थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।