कोरबा/प्रथम आवाज न्यूज: कोरबा जिले में एक भीषण हादसा हुआ है। यहां रिस्दी-बरबसपुर बायपास मार्ग पर नकटीखार गांव के पास राखड़ से भरे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक में सवारी वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार राजेश यादव (36) का एक दोस्त जिला अस्पताल कोरबा में भर्ती है। वो उसे ब्लड देने के लिए जा रहा था। इसी दौरान नकटीखार गांव के पास राखड़ लोडेड ट्रक जो बालको से उरगा की ओर जा रहा था, उसने बाइक सवार राजेश को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका सिर फट गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई । लोगों ने तत्काल इस घटना की सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद आक्रोश लोगों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस के समझाइश के बाद लोगों ने चक्काजाम खत्म किया। लोगों ने स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। साथ ही भारी वाहनों को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक चलाने की अनुमति देने की मांग की है।