कोरबा: कोरबा जिले में हरदीबाजार पुलिस ने एक हिंसक हमले और हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 17 अगस्त को शाम लगभग 6 बजे का है, जब शिकायतकर्ता राजेंद्र कुमार प्रजापति के भाई रोशन प्रजापति पर उनके घर के पास ही आरोपियों के एक समूह ने नशे की हालत में धावा बोल दिया। घटना का कारण आरोपी सोमवार सिंह देव द्वारा गली में गाली-गलौज करने पर रोशन द्वारा उसे टोकना बताया जा रहा है। इसके बाद सोमवार सिंह देव ने अपने बेटे पृथ्वी, भतीजे शुभम गांगुली और अन्य साथियों के साथ लोहे का रॉड, लोहे का पंच और लकड़ी के डंडे से रोशन प्रजापति पर जानलेवा हमला किया। हमले में पीड़ित के बाएं हाथ और दाएं पैर में फैक्चर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। वर्तमान में उसका कोरबा जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद से आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबीर सूचना के आधार पर आज 23 अगस्त को सभी तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। हमले में इस्तेमाल किए गए सभी हथियार (लोहे का रॉड, लोहे का पंच, लकड़ी का डंडा) जब्त कर लिए गए हैं। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी –
- सोमवार सिंह देव (56), पिता स्व. कन्हैया लाल, निवासी भिलाईबाजार।
- पृथ्वी सिंह देव (19), पिता सोमवार सिंह देव, निवासी भिलाईबाजार।
- शुभम गांगुली उर्फ गोलू (25), पिता विमल कुमार गांगुली, निवासी भिलाईबाजार।