कोरबा: सावन माह के अंतिम सोमवार को भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कनकेश्वर धाम (कनकी) में जलाभिषेक करने के लिए हजारों की संख्या में शिवभक्त सुबह से ही पंक्तिबद्ध होकर रवाना हुए हैं। इस दौरान कोरबा-कनकी मार्ग पर आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि घंटों तक जाम की स्थिति बन गई है।
सावन के इस पावन दिन पर श्रद्धालु भक्ति भाव से ओतप्रोत होकर हाथों में गंगाजल, पूजा की थाली और डमरू लेकर पैदल ही यात्रा पर निकले हैं। पूरे रास्ते “बोल बम”, “हर हर महादेव” और “जय शिव शंकर” के जयकारे गूंज रहे हैं। इस बीच सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। पंतोरा होकर जांजगीर और बिलासपुर जाने वाले यात्रियों को भी इस जाम का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों को घंटों तक अपने वाहनों में ही फंसे रहना पड़ रहा है।
यातायात व्यवस्था चरमराई, पुलिस सक्रिय
स्थानीय पुलिस बल द्वारा ट्रैफिक को नियंत्रित करने की कोशिशें की जा रही है। जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए, लेकिन भारी भीड़ के सामने व्यवस्था कमजोर पड़ गई। कुछ स्थानों पर पुलिस जवानों को पैदल चलकर श्रद्धालुओं को मार्ग दिखाना पड़ रहा है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कनकी मार्ग पर हल्के वाहन ही चलने दिए जा रहे थे, लेकिन अत्यधिक संख्या में लोगों के एक साथ पहुंचने से जाम की स्थिति बन गई है।