कोरबा: कोरबा जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत 22 जुलाई को मिली महिला की अधजली लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी एवं मृतका दोनों ग्राम पंचायत में सचिव पद पर कार्यरत थे। बच्चों को लेकर आये दिन विवाद होता रहता था। आरोपी लंबे समय से पत्नी से नाराज था और तीन माह से हत्या की योजना बना रहा था।
यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र रामपुर का है। मृतिका की पहचान सुषमा खुसरो, निवासी रामाकछार, थाना पाली के रूप में हुई है, जिसकी शादी आर्य समाज बिलासपुर में अभिनेक कुमार लदेर से हुई थी। दोनों पति-पत्नी गोकुल नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कोरबा में किराए के मकान में रहते थे। 22 जुलाई को सुबह 9 से 10 बजे के बीच पति-पत्नी के बीच पिक्चर देखने की बात को लेकर कहासुनी हुई। पति अभिनेक कुमार के अनुसार वह 11 बजे केनरा बैंक टीपी नगर गया और लगभग 3 बजे लौटने पर देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था। किसी प्रतिक्रिया न मिलने पर जब बालकनी से अंदर झांका तो धुंआ निकलता दिखा। अंदर जाकर देखा तो सुषमा की जली हुई लाश मिली। घटना की सूचना पर थाना सिविल लाइन द्वारा धारा 194 बीएनएसएस कायम कर जांच शुरू की गई।
पुलिस द्वारा शव का पंचनामा, स्थल निरीक्षण, वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर विस्तृत जांच की गई। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में महिला की मौत हत्या के बाद जलाने से होना पाया गया। जिसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में 935 टीम घटित कर, साईबर तकनीकी साक्ष्य, 65 सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। संदेह होने पर मृतका के पति अभिनेक कुमार लदेर (उम्र 25 वर्ष, निवासी छुईयापारा) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद गुस्से में आकर उसकी चुनरी से मुंह बांध दिया और तकिये से मुंह-नाक, गला दबा कर हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे व आत्महत्या का रूप दिखाने शव को कागज, अखबार व कपड़ा को एकत्रित कर फैला कर जला दिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।