तेज रफ्तार का कहर: कोरबा में युवक की सड़क हादसे में मौत, वाहन चालक फरार
कोरबा: जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब युवक किसी काम से सड़क किनारे जा रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक के सिर और सीने पर गंभीर चोटें आईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने तत्काल घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना उरगा-चांपा मार्ग पर मड़वारानी के पास की है। मृतक की पहचान पीलू सहिस के रूप में हुई है। पीलू की पहचान करने वाली पूनम सहिस ने बताया कि करीब 15 साल पहले चांपा रेलवे स्टेशन के पास एक 8 वर्षीय बालक भटकता हुआ मिला था। बस्ती के लोगों ने उससे उसके माता-पिता का पता जानने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ नहीं बता पाया। तब से वह बस्ती में ही रह रहा था।
बस्ती के लोगों ने उसे पीलू नाम दिया। वह रोजी-मजदूरी करता और देर शाम बस्ती लौटता था। किसी भी घर में खाने-पीने की उसे छूट थी। वह हमेशा सबकी बात मानता था। जब शुक्रवार की देर शाम तक पीलू नहीं लौटा, तो बस्ती के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की तब तड़के एक वाहन चालक से हादसे की जानकारी मिली। बस्तीवासी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां मॉर्च्यूरी में पीलू का शव रखा मिला। घटना के बाद से पूरे बस्ती में मातम पसरा हुआ है।