कोरबा: कुदमुरा रेंज के बैगामार जंगल क्षेत्र में करंट की चपेट में आकर एक नर हाथी की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना उस समय सामने आई जब शुक्रवार सुबह ग्रामीण अपने खेत पहुंचे और मृत हाथी को देखा। वन विभाग को सूचना मिलने पर मौके पर टीम और डॉक्टरों को बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीन किसानों-कृष्ण राम राठिया, बाबू राम राठिया और टीका राम राठिया ने अपनी फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर बिजली से प्रवाहित तार लगाया था। इसी तार की चपेट में आकर हाथी की जान चली गई। पूछताछ में तीनों ने जुर्म कबूल कर लिया है, और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
डीएफओ निशांत कुमार झा ने जानकारी दी कि हाथी की मृत्यु करंट से हुई है और पोस्टमार्टम के बाद उसकी उम्र का पता चल सकेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि घटना के समय हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया था। क्षेत्र में कुल 22 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। वन विभाग यह भी जांच कर रहा है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।