पानी की टंकी में मिली मरी हुई छिपकली, एक ही परिवार के 4 सदस्यों का हुआ ये हाल, मचा हड़कंप
कोरबा/प्रथम आवाज़ न्यूज: कोरबा जिले के नगरदा गांव में एक ही परिवार के चार लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए। खाना खाने के बाद चारों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी और चक्कर आने लगे। जिसके बाद आनन फानन में सभी को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला बरपाली तुरिधाम नगरदा गांव का है। जहां एक ही परिवार के चार सदस्य फूड पॉइजनिंग के शिकार हुए हैं। बीती रात प्यारेलाल (50 वर्ष), उनकी पत्नी कलाबाई (48वर्ष), बेटी दिल बाई (32वर्ष) और दामाद रथराम (35वर्ष) ने एक साथ खाना खाया। खाने के बाद एका एक सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। अंदेशा हुआ कि खाने या पीने में कुछ हुआ होगा। इस दौरान पीने वाले पानी की टंकी में देखा तो छिपकली मरी हुई पड़ी थी। उसके बाद घर पर हड़कंप मच गया और आसपास लोगों को इसकी जानकारी दी गई। आनन फानन में एंबुलेंस से सभी को जिला मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्यारेलाल ने बताया कि सबसे पहले उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ी। फिर दामाद और बाद में उनकी भी हालत खराब हो गई। प्यारेलाल की एक बेटी ने न खाना खाया और न ही पानी पिया, इसलिए वह सुरक्षित रही। पानी की टंकी में मरी हुई छिपकली देख परिवार में हड़कंप मच गया। फिलहाल परिवार के सदस्यों का अस्पताल में इलाज जारी है।