भिलाई (दुर्ग): तीजा पर्व से पहले दुर्ग जिले के भिलाई में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि पति ने गुस्से में अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना नेवई थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक मृतका दीक्षा दुबे (20 वर्ष) राजनांदगांव के खपरी की रहने वाली थी। उसका भाई आईटीबीपी में जवान है। लगभग एक साल पहले उसकी शादी मरोदा सेक्टर निवासी एकल तिवारी से हुई थी। आरोपी पति फ्लोर मिल चलाने के साथ-साथ पूजा-पाठ कराने का काम करता है।
शनिवार देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी एकल तिवारी ने गुस्से में अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देकर सरेंडर कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी मां और बड़े पिता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। तीजा पर्व की तैयारियों के बीच हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर है।