घर में घुसकर महिला की हत्या, दिनदहाड़े वारदात से इलाके में फैली सनसनी
धमतरी/प्रथम आवाज़ न्यूज: धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दिनदहाड़े घर घुसकर बदमाशों ने महिला की बटनदार चाकू से हत्या कर दी। आरोपियों ने महिला के शरीर पर चाकू से कई बार ताबड़तोड़ हमला किया। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी जहां पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है। मृतका महिला का नाम कुंती बाई पटेल था। घटना दोपहर की है जब महिला घर पर अकेली थी। करीब दोपहर 1 बजे दो बदमाश घर में घुस गए। आरोपियों ने बटनदार चाकू से महिला कुंती पटेल की छाती, हाथ और अन्य हिस्सों में ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ कर रही है। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।