कोरबा/प्रथम आवाज़ न्यूज: कोरबा जिले में बीती रात टीपी नगर में नशे में धुत थार चालक ने जमकर उत्पात मचाया है। उत्पात मचाने के बाद चालक मौके से भाग निकला था जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने टीपी नगर में आरोपी की रैली निकाली है। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक घटनास्थल से कहीं दूर जाकर थार वाहन छोड़कर दीपका फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि यह पूरा मामला ट्रांसपोट नगर थाना क्षेत्र का है। जहां थार जीप क्रमांक (CG12 BJ 5038) के चालक ने टीपी नगर क्षेत्र में प्रेस काम्प्लेक्स के पास तेज रफ्तार में कई वाहनों व कई लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। उसने टैक्सी स्टैंड के पास संचालित पान ठेला सहित एका एक कई वाहनों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद टीपी नगर में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों को चोटें भी आईं हैं। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पेट्रोलिंग वाहन को भेजा गया लेकिन थार चालक मौके से फरार हो चुका था। घटना के बाद से लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि थार की रफ्तार काफी तेज थी, इस घटना में कई लोगों को छोटे आई हैं। वहीं कई लोग बाल-बाल बचे हैं। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लोगों ने बताया कि टैक्सी स्टैंड के पास शराबखोरी होता है। शाम ढलते ही यहां पर शराबियों का जमावड़ा हो जाता है। शराब पीने के बाद अक्सर यहां पर मारपीट, लड़ाई झगड़े जैसे हालात पैदा हो जाते हैं जिससे लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि यहां लगातार पेट्रोलिंग की जाए, यहां शराब पीने वालों पर पाबंदी लगाई जाए।
मामले में पुलिस ने बताया कि थार चालक राकेश यादव घटना के बाद घटनास्थल से कहीं दूर जाकर बीच रास्ते में थार वाहन छोड़कर दीपका फरार हो गया। किसी दूसरे घर में छुपने के फिराक में था जिसे पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 110 BNS के तहत कार्यवाही की गई है, इसमें आगे भी मोटरव्हीकल एक्ट के तहत धाराएं जोड़ी जा रही हैं। इसमें करीब 40 से 50 हजार तक की पेनाल्टी कोर्ट द्वारा लगाई जाएगी। मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।